फर्रुखाबाद , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक खेत में ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के सवासी गांव निवासी पप्पू यादव (40) गांव और आसपास के क्षेत्रों में दवा-इलाज का कार्य करते थे। सोमवार शाम उन्हें गांव में कैलाश की मढ़ैया के पास बैठे देखा गया था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि पप्पू यादव का शव गांव के समीप एक खेत में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। मृतक की एक आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है, ताकि मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित