फर्रुखाबाद , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के थाना जहानगंज क्षेत्र में पिता की हत्या के आरोपी पुत्र को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम बेहटा निवासी कृषक सुनील उर्फ नेक्से की 13 फरवरी को गांव के समीप एक खेत में आलू खोदते समय अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पुत्र अमन कुमार ने थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुनील अपने पुत्र और पत्नी से अलग रहकर अपने भाई अनिल कुमार के साथ रहते थे तथा अपनी आय-व्यय भी भाई के परिवार पर ही खर्च करते थे। बताया गया कि वह पुत्र अमन कुमार की शादी को लेकर भी टालमटोल कर रहे थे और अपनी संपत्ति भाई के नाम करने की मंशा रखते थे। इसी बात से आक्रोशित होकर अमन कुमार ने अपने पिता की हत्या की साजिश रची। घटना वाले दिन उसने खेत में आलू खोद रहे पिता पर पीछे से डंडे से वार कर उनकी हत्या कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस को पुत्र की भूमिका संदिग्ध लगी। मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश राय, एसओजी प्रभारी सचिन सिंह चौधरी तथा सर्विलांस प्रभारी संत कुमार की संयुक्त टीम ने गुरुवार को गांव में छापेमारी कर आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर काली नदी के समीप झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का मोटा डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित