फर्रुखाबाद , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में राजेपुर थाना क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार कांवड़िये की ट्रैक्टर से कुचल कर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के नगापुरवा गांव निवासी विवेक (22) पहली बार कांवड़ यात्रा में शामिल हुआ था। वह रविवार रात करीब नौ बजे फर्रुखाबाद के गंगा पांचाल घाट से कांवड़ में गंगाजल भरकर अपने कांवड़िया जत्थे के साथ मोटरसाइकिल से गोला गोकर्णनाथ में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुआ था।
पुलिस के अनुसार कांवड़ियों का जत्था जब राजेपुर थाना क्षेत्र के डबरी गांव के समीप इटावा-बरेली हाईवे से गुजर रहा था, तभी विवेक की मोटरसाइकिल किसी अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर के बाद विवेक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया।
हादसे के बाद साथी कांवड़ियों ने पुलिस को सूचना दी और विवेक को उपचार के लिए फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित