फर्रुखाबाद , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के आदर्श थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में शनिवार को बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से साइकिल सवार किसान की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रुप से झुलस गये।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना मऊ दरवाजा के मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी किसान अवधेश यादव (50) आज सुबह करीब छह बजे अपनी साइकिल से छाता लगाकर गंगा स्नान करने के लिए भैरव घाट की तरफ जा रहा था। इस दौरान उसका छाता बेतरतीब ठंग से लटके बिजली के तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गयी। परिजन किसान को अचेतावस्था में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।

इसी दौरान मोहल्ला गंगा दरवाजा निवासी शिवम् एवं सुरजीत नामक दो युवक भी इसी घटना स्थल पर विद्युत तार करंट की चपेट में आने से झुलस गए जिन्हें डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित