फर्रुखाबाद , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर एवं फर्रुखाबाद सदर तहसील के उप निबंधक कार्यालय आगामी 1 मार्च (रविवार) को विशेष रूप से खुले रहेंगे। यह निर्णय प्रदेश नियंत्रित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत किसानों की भूमि की रजिस्ट्री यूपीडा के पक्ष में कराने के लिए लिया गया है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह ने सोमवार देर शामबताया कि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के लिये उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के पक्ष में किसानों की सहमति से भूमि क्रय की प्रक्रिया अमृतपुर और फर्रुखाबाद सदर तहसील में चल रही है। प्रभावित गांवों के कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक मार्च, रविवार को भी उप निबंधक कार्यालय खोलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसान अवकाश के दिन भी अपनी भूमि का बैनामा करा सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रस्तुत दस्तावेजों का पंजीयन नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित