फर्रुखाबाद , मई 22 -- पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेल उपखंड में फर्रुखाबाद स्टेशन परआरपीएफ एवं इज्जतनगर सीआईवी की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से ई-टिकट बनाने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है। आरपीएफ सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इज्जतनगर मंडल मुख्यालय से प्राप्त आरक्षित ई-टिकट डाटा इनपुट के आधार पर इज्जतनगर सीआईवी इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार तथा फर्रुखाबाद आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 21 मई को कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कस्बे स्थित तैयावी कंप्यूटर जन सेवा केंद्र पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान टीम ने पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से रेल यात्रियों के लिए तत्काल एवं सामान्य श्रेणी के आरक्षित ई-टिकट अवैध रूप से बनाकर 100 से 200 रुपये अतिरिक्त लेकर बेचने वाले युवक निजाम भारती (32) पुत्र मुन्ना आजाद निवासी दिलशाद नगर, थाना गुरसहायगंज, जनपद कन्नौज को गिरफ्तार किया।

सूत्रों के अनुसार मौके से तत्काल एवं सामान्य श्रेणी के 56 लाइव ई-टिकट, जिनकी कुल कीमत 1,51,367 रुपये बताई गई, बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त यात्रा अवधि वाले आठ टिकट, जिनकी कीमत 11,338 रुपये तथा यात्रा अवधि समाप्त हो चुके 48 ई-टिकट, जिनकी कुल कीमत 1,40,039 रुपये थी, भी जब्त किए गए।

टीम ने टिकट बनाने में प्रयुक्त लैपटॉप, प्रिंटर और एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरपीएफ एवं सीआईवी टीम ने आरोपी से देर शाम तक पूछताछ कर रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित