फर्रुखाबाद , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की पुलिस ने 30 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट की घटना का खुलासा करते हुए 24 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उनका एक साथी छह लाख रुपये लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को बताया कि शिकोहाबाद स्थित जीवीए स्टील कंपनी का चालक शिव कुमार और मुनीम संदीप गौतम विभिन्न स्थानों से करीब 30 लाख रुपये की वसूली कर कार से बेवर की ओर जा रहे थे। बुधवार शाम लगभग चार बजे मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर के निकट सुनसान स्थान पर चालक ने कार का हार्न जांचने के लिए वाहन रोका। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार सशस्त्र बदमाशों ने तमंचे के बल पर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना के संबंध में वृंदावन (मथुरा) निवासी नवीन कुमार अग्रवाल ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मदाबाद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आमोद कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी संत कुमार तथा सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। बुधवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूटे गए रुपये वीरपुर गांव के पास झाड़ियों में छिपाए गए हैं और बदमाश उनका बंटवारा करने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। वीरपुर गांव से कटिन्ना-मानिकपुर मार्ग पर मुन्नू सिंह के बाग के पास पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान शिव कुमार के कब्जे से 9.75 लाख रुपये, विशाल उर्फ सीटू के पास से 8.25 लाख रुपये तथा उमेश उर्फ ततैया के पास से छह लाख रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 24 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार, विशाल उर्फ सीटू और उमेश उर्फ ततैया के रूप में हुई है। तीनों मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के ग्राम कल्हौर पछाह के निवासी हैं। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी कुंवर बहादुर उर्फ सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित