फर्रुखाबाद , सितम्बर 18 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए उपयोग में लाई जाने वाली इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपेट की प्रथम स्तरीय जाँच (एफसीएल) का कार्य 17 सितम्बर से ईवीएम वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट, फतेहगढ़ में प्रारंभ किया गया है।

एक सरकारी प्रवक्ता शुक्रवार को बताया कि एफसीएल भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपेट की जाँच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में किया जाता है। एफएलसी में उत्तीर्ण ईवीएम एवं वीवीपेट को ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपेट की एफसीएल के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। एफसीएल प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी 15 सितम्बर 2026 को लिखित रूप से अनुरोध किया गया है कि वे एफएलसी प्रक्रिया के अवलोकन हेतु अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करें। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा प्रतिनिधियों के नामों की पुष्टि भी की जा चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित