रायपुर , अगस्त 23 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्वास्थ्य विभाग का कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसे वास्तविक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करने के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनिराम पटेल, रवि कुमार सेन और ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने भी अपने दो पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है।

पुलिस ने इस मामले की रविवार को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी की ओर से 17 अगस्त को पलारी थाने में शिकायत दी गई थी। शिकायत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन द्वारा प्रस्तुत किए गए कथित स्थानांतरण एवं कार्यमुक्ति आदेश से संबंधित थी।

करण कुमार देवांगन की ओर से प्रस्तुत दस्तावेज में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय का आदेश क्रमांक एनएचएम/एचआर/2026-27/1359, 14 अगस्त अंकित था। आदेश में करण देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा किए जाने का उल्लेख था।

स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर दस्तावेज की जांच कराए जाने पर सामने आया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से इस तरह का कोई स्थानांतरण आदेश जारी नहीं किया गया था। कथित आदेश पर अंकित हस्ताक्षर को भी संबंधित अधिकारी ने अपना हस्ताक्षर होने से इनकार किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा ने 17 अगस्त को खंड चिकित्सा अधिकारी पलारी को पत्र जारी कर मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि करण कुमार देवांगन का पद राज्य संवर्ग का है और उसके स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है। साथ ही वर्तमान में स्थानांतरण पर प्रतिबंध होने की बात भी कही गई।

विभागीय जांच में आदेश के कार्यालय से जारी नहीं होने और उस पर अंकित हस्ताक्षर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नहीं पाए जाने के बाद मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा के बयान, शिकायत और उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में सरकारी अधिकारी के कथित फर्जी हस्ताक्षर के जरिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उसे वास्तविक दस्तावेज के रूप में सरकारी कार्यालय में प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया।

इसके बाद पलारी पुलिस ने करण देवांगन और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने प्रकरण में भाजपा के जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनिराम पटेल, रवि कुमार सेन और करण कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार किए जाने की पूरी प्रक्रिया, इसमें अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका और कूटरचित दस्तावेज के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की विवेचना कर रही है। यह मामला सामने आने और पार्टी पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा ने भी कार्रवाई करते हुए दो पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित