बिलासपुर , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कथित तौर पर फर्जी बायोडाटा के जरिए उच्च शैक्षणिक योग्यता, लाखों रुपये के सालाना पैकेज और करोड़ों की पारिवारिक संपत्ति का दावा कर युवती से शादी करने तथा उसके परिवार से 6.76 लाख रुपए लेने के मामले में पुलिस ने पति और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से जशपुर निवासी मीतू (30) वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर कोनी स्थित गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पीएचडी कर रही हैं। हर्षदीप राम जाड़ी उनके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था। वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई और इसके बाद उनका मिलना-जुलना शुरू हुआ।
मई 2024 में हर्षदीप ने मीतू के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। मीतू ने परिवार की सहमति से शादी करने की बात कही। इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के आरजे प्वाइंट कैफे में मुलाकात के दौरान हर्षदीप ने मीतू को अपना बायोडाटा दिया।
मीतू का आरोप है कि बायोडाटा में हर्षदीप ने खुद को बीट्स पिलानी से बीटेक और जयपुर स्थित एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताया था। उसने अपना सालाना वेतन 48 लाख रुपए बताया। साथ ही पिता के व्यवसाय का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी दी थी। इन दावों पर भरोसा कर युवती ने अपने परिवार को शादी के लिए राजी कर लिया।
दोनों की शादी 12 मार्च 2026 को बिलासपुर में हुई। शिकायत के अनुसार, शादी का खर्च हर्षदीप के पिता लोधन राम ने उठाने की बात कही थी। इससे पहले फरवरी और मार्च में अलग-अलग जरूरत बताकर हर्षदीप और उसकी मां राजो जाड़ी के खातों में कुल 4.96 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा हर्षदीप ने अपने खाते में 60 हजार रुपए भी लिए।
शिकायत में कहा गया है कि शादी की रात टेंट और कैटरिंग वालों ने काम शुरू नहीं किया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ 10-10 हजार रुपए एडवांस मिले हैं। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार रुपए और मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपए दिए।
अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने पर होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल बंद हो गए। इस घटनाक्रम से संदेह होने पर युवती ने हर्षदीप से पूछताछ की। आरोप है कि तब उसने बताया कि उसने बीट्स पिलानी में पढ़ाई नहीं की है और उसके पास कोई नौकरी भी नहीं है। वह अपने पिता के साथ इमू के तेल का कारोबार करता है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी में मिले जेवर की जांच कराने पर वे नकली निकले। इसके बाद युवती ने जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। वहां पुलिस ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेज दी।
केस डायरी मिलने के बाद कोनी थाना पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि इमू ऑस्ट्रेलिया मूल का उड़ान न भरने वाला बड़ा पक्षी है। इसके शरीर से निकाली गई चर्बी को प्रोसेस कर इमू ऑयल बनाया जाता है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर कॉस्मेटिक और कुछ पारंपरिक उत्पादों में किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित