प्रयागराज , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र से पुलिस ने उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की फर्जी वेबसाइट बनाकर नकली सर्टिफिकेट बेचने वाले गिरोह के और सदस्य को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि अनंत सत्यम निगम नामक आरोपी के पास से 88 फर्जी अंकपत्र, डिप्लोमा व प्रमाणपत्र, 14 पासबुक, 21 चेकबुक, पांच एटीएम कार्ड, चार मोबाइल फोन तथा पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि निगम गिरोह का सक्रिय सदस्य था, जो ग्राहकों की तलाश कर फर्जी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराता था और प्रति सर्टिफिकेट करीब 20 हजार रुपये कमीशन प्राप्त करता था।
साइबर पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने यूपी बोर्ड सहित कई राज्यों के विश्वविद्यालयों की फर्जी वेबसाइटें तैयार कर अब तक 2000 से अधिक नकली डिग्री, मार्कशीट, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र बेच दिए थे। इस नेटवर्क का सरगना शशि प्रकाश राय समेत सात आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी ओम नारायण गौतम ने बताया कि पूछताछ के दौरान निगम का नाम सामने आया, जिसके आधार पर उसे तेज बहादुर सप्रू मार्ग, सिविल लाइंस से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और आम लोगों से अपील की है कि फर्जी दस्तावेजों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित