होशियारपुर , जून 20 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कथित तौर पर फर्जी वीडियो प्रसारित किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को होशियारपुर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन जिला ग्रामीण अध्यक्ष गुरिंदर सिंह पाबला के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी पहले मॉडल टाउन स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और बाद में रैली के रूप में एक निजी होटल के निकट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के पुतले फूंके। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों दलों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
होशियारपुर के विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा और उड़मुड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जसवीर सिंह राजा गिल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की छवि खराब करने और पंजाब के लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठे एवं छेड़छाड़ किए गए वीडियो प्रसारित किये जा रहे हैं। उन्होंने कथित फर्जी सामग्री के प्रसार की निंदा करते हुए मांग की कि इस साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाये।
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (बादल) जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सच और झूठ में फर्क करना जानती है तथा नकारात्मक राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
नेताओं ने दावा किया कि झूठे प्रचार में शामिल राजनीतिक दलों को वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में जनता करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पंजाब की गरिमा, लोकतंत्र और स्वच्छ राजनीति की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे किसी भी वीडियो, समाचार या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहें।
आप नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग उसके शासनकाल के दौरान पंजाब और पंथ को हुए कथित नुकसान से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले अपनी गलतियों को स्वीकार कर चुके हैं, उन्हें आज दूसरों पर आरोप लगाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित