नयी दिल्ली , मई 14 -- आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) ने "जेजी बिल्डिंग ग्रुप" नामक संस्था द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे फर्जी भर्ती अभियान को लेकर लोगों को सतर्क किया है।

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया है कि "जेजी बिल्डिंग ग्रुप" संस्था मंत्रालय से संबंध होने का झूठा दावा कर नौकरी के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।

मंत्रालय के अनुसार, संबंधित संस्था एमओएचयूए के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी रिक्ति नोटिस जारी कर रही है और उम्मीदवारों से रोजगार दिलाने के बहाने धनराशि मांग रही है। साथ ही, यह संस्था ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और वेबसाइट के माध्यम से ऐसे भ्रामक दावों का प्रचार भी कर रही है।

एमओएचयूए ने साफ किया है कि उसने ऐसी कोई भर्ती सूचना जारी नहीं की है और न ही किसी निजी एजेंसी या संस्था को अपनी ओर से भर्ती प्रक्रिया संचालित करने के लिए अधिकृत किया है। मंत्रालय ने कहा कि इसके विपरीत किया गया कोई भी दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक माना जाए।

मंत्रालय ने नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और आम जनता को सलाह दी है कि वे ऐसे फर्जी भर्ती प्रस्तावों का जवाब न दें, किसी भी संस्था के साथ अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा न करें और किसी प्रकार का भुगतान करने से बचें।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि यदि इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो उसकी जानकारी राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को तुरंत दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित