बुलन्दशहर , जून 10 -- उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर जिले के डिबाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कराने और 1.57 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, एक कार तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार अजय ने बुधवार को बताया कि गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र के मोहवलीपुर गांव निवासी विशनस्वरूप शर्मा ने गत 29 मई को डिबाई थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि कुछ व्यक्तियों ने डिबाई थाना क्षेत्र के ग्राम कादरीबाग स्थित उनकी 52 बीघा भूमि से संबंधित फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर धोखाधड़ी कर बैनामा करा लिया। इस प्रकरण में उनसे 1.57 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
एसपी सिटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर डिबाई थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर डिबाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधिका पेट्रोल पंप के निकट से इस मामले में संलिप्त सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, धोखाधड़ी से अर्जित धनराशि से खरीदी गई बताई जा रही एक स्विफ्ट कार तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे गिरोह के कार्य करने के तरीके और इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने में प्रयुक्त माध्यमों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित