भदोही , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कर धन लेकर एमबीबीएस में दाखिला कराने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक वांछित आरोपी को पुलिस ने बहराइच से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा (42) , निवासी नौतला, थाना रामगांव, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। उसे बहराइच के सोहरवा गांव स्थित एक गेस्टहाउस से सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, ज्ञानपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कराकर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ था। इस मामले में पहले शुभम सिंह को गिरफ्तार किया गया था। बाद में विद्यार्थियों के परिजनों से पूछताछ के दौरान कथित गिरोह के सरगना संजय दुबे का नाम सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पूछताछ में दिनेश वर्मा ने गिरोह के संगठित रूप से कार्य करने तथा फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कर चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में प्रवेश और विभिन्न सरकारी नौकरियों में अभ्यर्थियों के चयन कराने संबंधी जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, इसी प्रकार के फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर वर्ष 2023 की पुलिस सीधी भर्ती में भी एक अभ्यर्थी का चयन कराया गया था। इस प्रकरण में भदोही पुलिस गिरोह के सात सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना ज्ञानपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 223/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा 61(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित