अलवर , सितम्बर 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तहत भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी हरियाणा पुलिस अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर संचालक से फिरौती वसूलने के मामले में फरार 10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि अनिल (32) को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों मोहित और हर्ष को गिरफ्तार किया जा चुका है। अनिल से पूछताछ करके गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी बृजेश उपाध्याय ने बताया कि अजरूदीन नूंह मेवात (हरियाणा), सांथलका में मैसर्स भारत फार्मेसी नाम से मेडिकल स्टोर चलाता है। 12 जुलाई को एक कार में पांच युवक मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। इनमें से चार युवक दुकान के अंदर आए और खुद को हरियाणा पुलिस का अधिकारी बताते हुए अजरूदीन पर नशीली दवाइयां बेचने का आरोप लगाया। वे उसे जबरन कार में सुनसान जगह ले गये और उससे एक लाख रुपये यूपीआई के जरिए वसूल लिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित