अलवर , जुलाई 14 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले में भिवाड़ी की फैज तृतीय थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर मेडिकल स्टोर संचालक से एक लाख रुपये की फिरौती वसूलने वाले दो आरोपियों को महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा के नूंह जिले के सुनारी निवासी अजरूदीन सांथलका में मैसर्स भारत फार्मेसी नाम से मेडिकल स्टोर चलाते हैं। रविवार शाम करीब छह बजे एक कार में सवार पांच युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। चार युवक दुकान में आये और खुद को हरियाणा पुलिस का अधिकारी बताते हुए मेडिकल स्टोर संचालक पर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का आरोप लगाने लगे।

आरोपियों ने कार्रवाई और गिरफ्तारी का भय दिखाकर अजरूदीन को जबरन कार में बैठा लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर 10 लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गयी और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गयी।

मेडिकल स्टोर संचालक ने अपने परिचित से रुपये मंगवाने की कोशिश की, लेकिन बैंक बंद होने की बात सामने आने पर आरोपियों ने अपना यूपीआई स्कैनर दिखाकर ऑनलाइन भुगतान करने के लिए मजबूर किया। पीड़ित ने दो किस्तों में 10 हजार और 90 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये आरोपियों के खाते में स्थानांतरित कर दिये।

यूपीआई लिमिट खत्म होने पर आरोपियों ने अगले दिन 50 हजार रुपये और देने की धमकी देकर पीड़ित को उसकी दुकान के पास छोड़ दिया।

सोमवार को पीड़ित ने घटना की सूचना भिवाड़ी फैज तृतीय थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर पीड़ित को आवश्यक निर्देश दिये। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा फोन कर शेष 50 हजार रुपये देने को कहा और बताया कि दो युवक रकम लेने पहुंचेंगे। पुलिस की योजना के अनुसार पीड़ित ने दोनों युवकों को बातचीत में उलझाये रखा और पुलिस को तत्काल सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहित (23) और हर्ष जाटव (20) के रूप में हुई है। उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित