पटना , जून 09 -- बिहार में पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में कथित अपहरण की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया और घटना में शामिल चार आरोपियों को एक कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।पटना (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की रात फतुहा थाना को सूचना मिली कि छपाक वाटर पार्क के पास फोरलेन सड़क पर एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित छापेमारी कर अपहृत व्यक्ति को छोटी लाइन के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार भी जब्त की गई।पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बरामद व्यक्ति की पहचान संतोष बिहारी के रूप में हुई है। उस पर कई लोगों को फर्जी दस्तावेज और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित