धार , मार्च 2 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगे एक आयसर वाहन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही नीम की लकड़ी जब्त की है। वाहन को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी एल. सुधाकर के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र सरदारपुर और धार की संयुक्त टीम ने मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बदनावर-धार मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध आयसर वाहन (एमपी-09 जीएफ-7368) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में हरे-भरे नीम के पेड़ों की अवैध कटाई कर तैयार की गई लकड़ी भरी पाई गई, जिसका बिना अनुमति परिवहन किया जा रहा था।
वन परिक्षेत्राधिकारी सरदारपुर डॉ. शैलेन्द्र सोलंकी ने बताया कि जांच में वाहन का पंजीयन क्रमांक फर्जी पाया गया। तस्कर कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर रहे थे। इस संबंध में परिवहन विभाग को भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया गया है।
उपवनमंडलाधिकारी सुनील सुल्या ने बताया कि अवैध वनोपज परिवहन और लकड़ी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। होली पर्व के मद्देनजर निगरानी और सघन कर दी गई है। कार्रवाई का नेतृत्व वन परिक्षेत्राधिकारी धार सचिन सयदे ने किया। संयुक्त टीम में दोनों परिक्षेत्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित