सागर , फरवरी 19 -- मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र में फर्जी उप पुलिस अधीक्षक बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक फर्जी डीएसपी और दो फर्जी आरक्षकों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी ने सूचना दी थी कि शिवम चतुर्वेदी नामक व्यक्ति स्वयं को जबलपुर में पदस्थ डीएसपी बताकर होमगार्ड में नौकरी लगवाने का झांसा दे रहा था और इसके बदले एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। बुधवार को शिवम चतुर्वेदी अपने दो साथियों के साथ पुलिस वर्दी में बिना नंबर की नई बोलेरो वाहन से शाहगढ़ स्थित एक कैफे पर पहुंचा।

फरियादी को तीनों के हावभाव और गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने तत्काल शाहगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पकड़े गए आरोपियों में शिवम चतुर्वेदी, जो स्वयं को डीएसपी बता रहा था, राजकुमार ठाकुर निवासी बरही, जबलपुर और सतीश सिंह ठाकुर निवासी बरही, जबलपुर शामिल हैं। दोनों साथी फर्जी आरक्षक के रूप में पुलिस वर्दी पहने हुए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित