शहडोल , जून 24 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में किसान के साथ मारपीट, लूट और अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने स्वयं को गोरक्षक बताने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार किसान नारेश्वर प्रसाद पनिका शहडोल से अनूपपुर जिले के एक गांव में कृषि कार्य के लिए मिनी ट्रक में तीन बैल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कार से पहुंचे तीन व्यक्तियों ने स्वयं को गोरक्षक बताते हुए उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि अनुज सिंह, आशुतोष चतुर्वेदी और रजोले बैगा ने किसान से 50 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर आरोपियों ने किसान के साथ मारपीट की तथा उसकी घड़ी और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित