चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने उनके नाम से कथित तौर पर वायरल किये जा रहे फर्जी ऑडियो क्लिप मामले में पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव और राज्य चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को यहां जारी बयान में राजा वड़िंग ने कहा कि उनके नाम से प्रसारित किया जा रहा ऑडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यही ऑडियो करीब सात साल पहले भी वायरल किया गया था और अब स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान इसे दोबारा जानबूझकर प्रसारित किया जा रहा है।
राजा वड़िंग ने पुलिस महानिदेशक और राज्य चुनाव आयोग को अलग-अलग शिकायतें भेजकर मांग की कि इस फर्जी ऑडियो को फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाये और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाये। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात पर हैरानी है कि राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने ऑडियो की सत्यता की जांच किये बिना ही इसका स्वत: संज्ञान ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान इस ऑडियो को वायरल करने के पीछे एक सुनियोजित साजिश नजर आती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित