चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को उनके खिलाफ वायरल हो रहे कथित ऑडियो मामले में आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि करीब सात साल पुरानी फर्जी ऑडियो क्लिप को दोबारा इस्तेमाल कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
राजा वड़िंग ने कहा कि यह ऑडियो पूरी तरह मनगढ़ंत है और कोई भी आसानी से पहचान सकता है कि आवाज उनकी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी राजनीतिक बदले की भावना से संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी प्रचार करने वालों और झूठ फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पंजाब सरकार और आप नेता इस फैब्रिकेटेड कंटेंट का इस्तेमाल कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। राजा वड़िंग ने इसे 'निराशाजनक राजनीति' करार देते हुए कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और सच सामने आएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब अनुसूचित जाति आयोग ने राजा वड़िंग की वायरल वीडियो/ऑडियो क्लिप को लेकर स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस से रिपोर्ट तलब की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित