महासमुंद , सितंबर 08 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में फर्जी एनओसी के जरिए खैर (कत्था) लकड़ी के कथित अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल के मकान से 81 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मामला फर्जी एनओसी तैयार कर करीब 23 हजार 350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है। इस संबंध में पिथौरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज है।

जांच के सिलसिले में पुलिस ने सात सितंबर को न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर आरोपी मनीष अग्रवाल के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार, सरसीवां स्थित मकान की तलाशी ली। केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल राशि 81 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी को प्रकरण से संबंधित अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत सक्षम न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस मामले में फर्जी एनओसी तैयार करने, खैर लकड़ी के परिवहन और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित