भोपाल , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मंगलवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित फर्जी एआई-जनित पोस्टर के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल थे।

कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर एक कथित फर्जी और एआई-जनित पोस्टर प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें एक समाचार पत्र के नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए जीतू पटवारी के नाम से भ्रामक कथन प्रसारित किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि यह उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक छवि धूमिल करने तथा जनता को भ्रमित करने का प्रयास है।

ज्ञापन में उपलब्ध सोशल मीडिया सामग्री के आधार पर कुछ व्यक्तियों की कथित भूमिका का उल्लेख करते हुए मामले की साइबर जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

कांग्रेस ने भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित