पन्ना , मई 13 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को शाहनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से करीब चार वर्ष से फरार चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना शाहनगर क्षेत्र की एक युवती ने आठ सितंबर 2022 को शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी और पैसों की मांग कर ब्लैकमेल किया। शिकायत के आधार पर थाना शाहनगर में अपराध क्रमांक 218/22 के तहत धारा 384 भारतीय दंड संहिता तथा धारा 67 आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में थाना प्रभारी शाहनगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल पन्ना की सहायता से तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान नहीम खान (29) निवासी आजाद मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 10, जिला अशोकनगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर अशोकनगर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और थाना शाहनगर लाकर वैधानिक कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित