सूरजपुर , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आधार कार्ड से छेड़छाड़ कर न्यायालय को गुमराह करने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न मामलों में आरोपियों की जमानत कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि प्रकरण की जांच जारी है।
कोतवाली पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के अजबनगर गांव के रंगपारा निवासी 34 वर्षीय देव प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने अपने पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर उसमें अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद वह फर्जी आधार कार्ड के आधार पर कुछ मामलों में न्यायालय के समक्ष पिता के स्थान पर उपस्थित हुआ तथा पिता की जगह हस्ताक्षर कर अन्य मामलों के आरोपियों की जमानत कराई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया लेकिन वह लगातार जांच से बचता रहा। बाद में उसे गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया गया।
पुलिस के अनुसार अंबिकापुर में भी इसी प्रकार फर्जी आधार कार्ड प्रस्तुत कर जमानत लेने के एक मामले में आरोपी के विरुद्ध जांच चल रही है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी द्वारा पिता के आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से जमानत लेने के मामले में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा मामले की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित ऋण पुस्तिका पिता के नाम से थी, जिसके कारण पुत्र ने कथित तौर पर आधार कार्ड में जालसाजी की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दस्तावेजों में छेड़छाड़ और फर्जीवाड़े में आरोपी की मदद किसने की। मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित