रायगढ़ , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए महिला सहित पांच अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी आईपीएस और सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को "डिजिटल अरेस्ट" का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से गिरोह बनाकर साइबर ठगी को अंजाम दिया। गिरोह में शामिल एक महिला ने फर्जी वेबसाइट तैयार कर डिजिटल फ्रॉड का नेटवर्क खड़ा किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रायगढ़ के एक सेवानिवृत्त विद्युत विभाग के पर्यवेक्षक से करीब 36.97 लाख रुपये की ठगी की। मामले की जांच के दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता चला, जिसके बाद टीम ने राजस्थान के भीलवाड़ा में दबिश देकर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह की कई वारदातों में शामिल रहा है। गिरोह का एक सदस्य राहुल व्यास बैंक कर्मचारी है, जबकि महिला आरोपी वेबसाइट डेवलपर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित