भोपाल , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने फर्जी अस्पतालों के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाए। संगठन ने आरोप लगाया कि शहर में कथित रूप से फर्जी अस्पतालों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि कई अस्पताल नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं, जहां कागजों में डॉक्टर और स्टाफ दिखाकर वास्तविकता में बिना मानकों के इलाज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के निवास, स्वास्थ्य संचालनालय, आयुष्मान कार्यालय और सीएमएचओ कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों में व्यवस्था पर व्यंग्य करते हुए फर्जी अस्पताल संचालन और निरीक्षण रिपोर्ट से जुड़े कथित सरगनाओं पर निशाना साधा गया।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा कि प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज के नाम पर ठगा जा रहा है, जबकि कई अस्पतालों में पंजीकृत स्टाफ तक उपलब्ध नहीं है।
रवि परमार ने मांग की कि सीएमएचओ को तत्काल निलंबित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उप मुख्यमंत्री के निवास का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित