फरीदाबाद , अक्टूबर 25 -- हरियाणा के फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर स्थित एक सीएनजी पंप पर आज तड़के सुबह मिक्सर ट्रक का सीएनजी सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सिलेंडर उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में पंप परिसर के कुछ हिस्सों और वहां खड़ी एक कार को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, मिक्सर ट्रक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इसकी चपेट में पंप परिसर में खड़ी एक कार भी आ गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सिलेंडर फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित