चंडीगढ़ , अक्टूबर 10 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदकोट जिले के सदर थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) गुरबख्श सिंह को 80 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ फरीदकोट जिले के घुगियाना गांव के एक निवासी की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एएसआई गुरबख्श सिंह ने उसके खिलाफ दर्ज मामला रद्द कराने के बदले पहले ही 40 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए थे। इसके बाद आरोपी ने मामला रद्द करने के लिए उससे 80 हजार रुपये और मांगे।

प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता ने फिरोजपुर स्थित सतर्कता ब्यूरो रेंज से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ फिरोजपुर स्थित सतर्कता ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित