टिहरी, मार्च 29 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कैम्पटी में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त रूपेश कुमार पुत्र रामेश्वर कापड़ी, निवासी ग्राम गोविंदपुर, जनपद दुमका (झारखंड), घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रयासरत थी।

जांच के दौरान अभियुक्त की लोकेशन विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया। रविवार को गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया।

पुलिस टीम अभियुक्त को टिहरी गढ़वाल लेकर आ रही है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित