फतेहाबाद , मई 30 -- हरियाणा में फतेहाबाद पुलिस ने मोहम्मदपुर रोही क्षेत्र में संचालित किए जा रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे थे।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम नया बस अड्डा मोहम्मदपुर रोही के पास गश्त तथा अपराध नियंत्रण ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव मोहम्मदपुर रोही निवासी मनजीत सिंह के खेत में बने कमरे के बाहर कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने र दबिश दी और तीन युवकों को सट्टा लगाते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीएसपी रोड निवासी हितेश कुमार उर्फ हन्नी, शक्ति नगर निवासी संदीप उर्फ गोलू तथा मोहम्मदपुर रोही निवासी अमन जांगू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन सहित कुल पांच मोबाइल फोन, सट्टेबाजी का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर, एक पेन तथा 3,710 रुपये की नकद राशि बरामद की है।
आरोपियों के खिलाफ सदर थाना फतेहाबाद में हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, 2025 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को नियमानुसार पुलिस जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध सट्टेबाजी और जुए के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित