फतेहपुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के लम्हेटा गांव में बीती देर रात एक बारात के दौरान फायरिंग की घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस अधीक्षक श्री मांगलिक ने बताया कि शादी समारोह में ड्रोन पर निशाना साधने के दौरान सुमित तिवारी नामक युवक ने बंदूक से फायरिंग कर दी। वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन उसने गोली चला दी। फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र के आगोसी गांव निवासी धीरज केवट की उपचार के दौरान मौत हो गई। अन्य चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी सुमित तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित