फतेहपुर , अप्रैल 29 -- फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगेतर के सामने युवती से सामूहिक दुष्कर्म की चर्चित घटना को लेकर जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा था, जिसे जिला प्रशासन ने गेस्ट हाउस पर ही रोक दिया। इसको लेकर भाजपा नेताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने मामले के फरार आरोपी और भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम की राशि दोगुनी कर 50 हजार रुपये कर दी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो न्यायालय से आदेश लेकर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहायता और कानूनी लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दे चुके हैं।
बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में खागा विधायक, जहानाबाद विधायक, पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह समेत एक दर्जन से अधिक नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर जाने के लिए निकला था, लेकिन जिला प्रशासन ने सभी को गेस्ट हाउस पर ही रोक दिया और पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी।
भाजपा नेताओं ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए न्यायिक लड़ाई में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया था।
खागा कस्बे में हुई इस गैंगरेप की घटना को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और मामला अब पूरी तरह सियासी रंग लेता नजर आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित