फतेहपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में डूबे पांच बच्चों में से तीन की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि खागा कोतवाली थाना क्षेत्र के बैजूपुर मजरा के कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था. विसर्जन के दौरान कुछ किशोर तालाब के पास पहुंचे और पानी में उतर गए. देखते ही देखते पांचों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों की तुरंत की गई कोशिशों से पांचों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ आनन-फानन में सभी को नजदीकी हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में पहुंचे आदित्य, साजन और अभिमन्यु को बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई जबकि दो अन्य का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया।
एक ही गांव के तीन किशोर की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों के घर के चूल्हे आज भी नहीं जले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित