फतेहपुर , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रक्षाबंधन के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को खागा थाना क्षेत्र के सतरंनी स्थित एक मिठाई कारखाने पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 10 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

अधिकारियों के अनुसार, प्रयागराज मंडल के मंडलायुक्त लोकेश एम ने सभी जिलाधिकारियों को रक्षाबंधन के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने लेने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी निधि वत्स के निर्देश पर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सतरंनी स्थित मिठाई कारखाने में कार्रवाई की। जांच के दौरान करीब 10 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

प्रशासन ने कारखाने को सील कर दिया है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित