फतेहपुर , जून 24 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को मामूली विवाद के चलते एक व्यक्ति ने पुत्र और पुत्रवधू को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। पुलिस ने दोनों घायलों को पहले जिला अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता पर रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में जुड़ गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि क्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी रामखेलावन अपने बेटे अवनीश पटेल और बहू मनीषा और प्रियंका पटेल तथा अन्य के साथ रहते हैं। बेटे और पिता में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था आज सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ तो गुस्से में आए पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली बेटे और बहू को लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली मारने के बाद रामखेलावन मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बहू और बेटे को पहले जिला अस्पताल में दाखिल कराया जहां से गंभीर स्थिति होने पर दोनों को डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया है जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित