फतेहपुर , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में नेशनल हाईवे-2 स्थित लखनऊ बाईपास पर मंगलवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मवेशियों से भरे चार ट्रकों को रोककर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों वाहनों को कब्जे में लेकर उनमें लदे मवेशियों को बरामद किया और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि चार वाहनों में मवेशियों को लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद कार्यकर्ताओं ने बाईपास पर घेराबंदी कर चारों वाहनों को रोक लिया।

पुलिस ने एक ट्रक से 47 भैंसें बरामद की हैं। बड़ी संख्या में मवेशियों के मिलने के बाद मौके पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी चार वाहनों तथा बरामद मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित