फतेहपुर , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के गाजीपुर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना नदी में दो भाई डूब गए जिनकी तलाश पुलिस के गोताखोर कर रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी मनोज कुमार के दो बेटे साहिल और वासु दोनों शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति विसर्जन के लिए औगासी स्थित यमुना नदी गांव वालों के साथ पहुंचे थे। जहां भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इसके बाद सभी लोग नदी में नहाने लगे।

इसी दौरान दोनों भाई नहाते समय गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना पर गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश की जा रही है मगर देर रात तक उनका पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित