फतेहपुर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक वाहन डंपिंग यार्ड में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते डेढ़ दर्जन से अधिक चार पहिया वाहन जलकर खाक हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मालवा थाना क्षेत्र के सौरा गांव में एक निजी फाइनेंसर द्वारा डंपिंग यार्ड संचालित किया जा रहा था। यहां फाइनेंस की बकाया राशि न जमा होने पर जब्त की गई गाड़ियों को रखा जाता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में डंपिंग यार्ड में अचानक आग लग गई। तेज गर्मी और हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों और कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार फैलती चली गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मालवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी बुला ली गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक यार्ड में खड़ी करीब डेढ़ दर्जन चार पहिया गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं।

पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित