फतेहपुर , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने जमकर कहर ढाया। तेज तूफान के चलते एक मकान गिर गया जिसके मलबे में दब कर एक महिला की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आज देर शाम आंधी के चलते हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में एक कच्चा मकान गिरने से शिवांश (8) , सिया कली (55), कल्पना देवी (25) , श्रीदेवी तथा अनारकली (40) मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने सिया कली को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है। हादसे की खबर पाकर प्रशासनिक टीम मौके की जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित