फर्रुखाबाद , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 65 वर्षीय कैदी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस और जेल सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कन्नौज जिले के नरायनपुर गांव निवासी लालमन को हत्या, दुष्कर्म और शव गायब करने के मामले में कन्नौज की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसे 26 दिसंबर 2016 को सजा काटने के लिए फतेहगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया था।
सूत्रों के अनुसार, कैदी लालमन को सांस संबंधी बीमारी थी और जेल में उसका उपचार चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे पसीना आने लगा। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैदी की मौत की सूचना उसके परिजनों को दी गई, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित