मुंबई , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई के उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम संपर्क को मजबूत करने तथा शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच यात्रा के समय को घटाकर 50-60 मिनट करने के उद्देश्य से तीन ओवरब्रिज का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की इन परियोजनाओं में सायन और विद्याविहार में रेलवे ओवरब्रिज और गोरेगांव पूर्व में गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) पर बना एक फ्लाइओवर शामिल है। इस मौके पर श्री फडणवीस ने कहा कि उन्नत बुनियादी ढांचे से यातायात की भीड़ कम होगी, वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और निवासियों का दैनिक सफर आसान बनेगा।
पुनर्नर्मित सायन रेलवे ओवरब्रिज 112 साल पुराने ब्रिटिश कालीन पुल की जगह लेगा। इसे 2019 में असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत विकसित यह ब्रिज छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और कुर्ला के बीच प्रस्तावित पांचवीं और छठी रेलवे लाइनों के लिए रास्ता आसान बनाता है, जिससे उपनगरीय ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने और लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में सुधार होने की संभावना है। रेलवे ने 496 टन वजनी 54.5 मीटर के सेमी-थ्रू स्टील गर्डर्स का उपयोग करके अपना हिस्सा बनाया, जबकि बीएमसी ने एप्रोच मार्ग विकसित किए। यह पुल फरवरी 2027 की अपनी समय सीमा से चार महीने पहले बनकर तैयार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित