नांदेड़ , अगस्त 13 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तख्त श्री हजूर साहिब परिसर के माता साहिब गुरुद्वारे में शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद नांदेड़ में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गुरुवार को हमलावर को पकड़ लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है। इसके बाद बादल को इलाज के लिए नांदेड़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय श्री बादल गुरुद्वारे की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। उनके हाथ में चोट आयी। उन्हें बचाने की कोशिश में पुलिस निरीक्षक संतोष केंद्र भी घायल हो गये। दोनों का नांदेड़ के यशोसाई अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना की गहन जांच करने और हमले के पीछे के असली मकसद का पता लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस से घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच करने और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा है।
कथित हमलावर की तुरंत गिरफ्तारी से पुलिस उसकी पहचान, पृष्टभूमि और संभावित मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ शुरू कर पायी। घटना के बाद गुरुद्वारे और इलाके की अन्य संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी बारीकी से समीक्षा की जा रही है। सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल पर बादल पर हुए हमले ने राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चिंता पैदा कर दी है। जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ेगी हमले की परिस्थितियों और बादल की हालत के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित