फगवाड़ा , सितंबर 18 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और फगवाड़ा के पूर्व महापौर अरुण खोसला ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का फगवाड़ा पहुंचने पर स्वागत किया जाएगा।

श्री खोसला ने बताया कि यात्रा 28 सितंबर की देर शाम फगवाड़ा पहुंचेगी और रात में यहां रुकेगी। 29 सितंबर को यह शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद जालंधर के लिए रवाना होगी। भाजपा ने 18 सितंबर को शुरू की गई इस यात्रा को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने और करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करने का कार्यक्रम बनाया है। चारों यात्राएं 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होंगी, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली प्रस्तावित है।

श्री खोसला ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त पंजाब के प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने नशे के खिलाफ लड़ाई को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक अपील करते हुए पंजाब में 'डबल इंजन' सरकार के लिए भाजपा का समर्थन करने का भी आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित