फगवाड़ा , मई 12 -- पंजाब में फगवाड़ा नगर निगम कर्मचारी यूनियन द्वारा शुरू की गयी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही।
कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में चल रहे इस आंदोलन के कारण शहर की कई नागरिक सेवाएं प्रभावित रहीं।
यह आंदोलन जॉइंट पब्लिक एक्शन फ्रंट पंजाब और पंजाब एवं नगर पालिका सफाई कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले चलाया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम कार्यालय फगवाड़ा के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के कारण नगर निगम कार्यालयों का कामकाज काफी हद तक ठप रहा, जबकि सफाई व्यवस्था, सीवरेज रखरखाव और अन्य नियमित सेवाएं प्रभावित हुईं।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने कर्मचारियों के संघर्ष का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के कर्मचारी शहरी ढांचे और जनसेवाओं को बनाये रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत से किया जाना चाहिए।
विधायक बलविंदर सिंह ढालीवाल ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने शांतिपूर्ण समाधान की अपील करते हुए सफाई और नगर निगम कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
धरने में विभिन्न मजदूर संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। वक्ताओं ने कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और प्रशासन व कर्मचारी संगठनों के बीच नियमित संवाद की जरूरत पर जोर दिया।
यूनियन नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुटता और अनुशासन बनाये रखने की अपील की। हड़ताल के कारण शहर के कुछ इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित