फगवाड़ा , जून 07 -- ) पंजाब में फगवाड़ा के अर्बन एस्टेट पुल के निकट रविवार को एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बस का इंतजार कर रही एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में सड़क किनारे खड़ी महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब एक कार फगवाड़ा से दोराहा की ओर जा रही थी। अर्बन एस्टेट पुल पर चढ़ते समय कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार पहले सड़क किनारे लगे बैरिकेड से टकराई और फिर उस स्थान की ओर मुड़ गई जहां यात्री सार्वजनिक परिवहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान कार ने बस स्टॉप पर खड़ी एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के कई हिस्से टूटकर घटनास्थल पर बिखर गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने मिलकर पलटी हुई कार को सीधा किया और उसके अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में कार चालक और वाहन में सवार एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बस का इंतजार कर रही महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित