फगवाड़ा , अगस्त 4 -- पंजाब में कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत फगवाड़ा पुलिस ने लूट के दो मामलों का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद की गयी हैं।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने बताया कि दोनों लूट के मामलों की जांच पुलिस उपाधीक्षक पलविंदर सिंह की निगरानी में की गयी। उन्होंने बताया कि पहला मामला 14 जुलाई का है, जिसमें न्यू हरकिशन नगर निवासी एक महिला से तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था। इस संबंध में सिटी थाना फगवाड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने अमरजीत सिंह, सूरज कुमार और राजू जस्सल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दूसरा मामला खलवाड़ा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा है, जिसे प्लाही गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों ने रोककर मारपीट की और उसके पास से चार हजार रुपये नकद तथा चांदी की चेन छीनकर फरार हो गये। पुलिस ने जांच के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चार नाबालिग हैं, जिन्हें होशियारपुर स्थित किशोर न्याय गृह भेज दिया गया है, जबकि वयस्क आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। एक अन्य कार्रवाई में पंजाब सरकार के 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के तहत फगवाड़ा पुलिस ने छज्ज कॉलोनी के नशा प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक आरोपी से सात ग्राम हेरोइन तथा दूसरे के कब्जे से 15 नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने कहा कि उपमंडल में अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित