फगवाड़ा , अगस्त 28 -- भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल की ओर से फगवाड़ा रेलवे स्टेशन के गुड्स शेड में काम करने वाले श्रमिकों, व्यापारियों और सड़क परिवहन से जुड़े लोगों के लिए फूड वैन सुविधा शुरू की जाएगी। रेलवे के अनुसार, इस तरह की सुविधा गुड्स शेड में पहली बार उपलब्ध कराई जा रही है।

फिरोजपुर मंडल कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, फगवाड़ा गुड्स शेड में फूड वैन संचालन का ठेका ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से पांच वर्ष के लिए आवंटित किया गया है। इससे गुड्स शेड परिसर में ही लोगों को उचित दरों पर भोजन और जलपान उपलब्ध हो सकेगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सुविधा शुरू होने से श्रमिकों और अन्य संबंधित लोगों को भोजन के लिए परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और लोडिंग-अनलोडिंग का काम निर्धारित समय में पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे मालगाड़ियों के अनावश्यक ठहराव को कम करने और रेक के बेहतर टर्नअराउंड में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।

फिरोजपुर मंडल ने बताया कि यह पहल रेलवे के गुड्स हैंडलिंग संचालन से जुड़े हितधारकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है। ई-नीलामी प्रक्रिया से आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और गैर-किराया राजस्व में निरंतर वृद्धि को बढ़ावा मिला है। फगवाड़ा गुड्स शेड में फूड वैन सुविधा शुरू होने से यहां काम करने वाले लोगों को कार्यस्थल पर ही भोजन की सुविधा मिलेगी और माल ढुलाई से जुड़े कार्यों की परिचालन क्षमता में सुधार आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित